पेयजल संकट गहराया

आदिम जनजाति बहुल पुटुआगढ़ में पेयजल संकट गहराया, जिला परिषद सदस्य ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश 

बरवाडीह प्रखंड के पश्चिमी क्षेत्र की जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी ने शुक्रवार को छेचा पंचायत के आदिम जनजाति बहुल गांव पुटुआगढ़ का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याओं से रूबरू हुईं.

By : Ark Sahuliyar
आदिम जनजाति बहुल पुटुआगढ़ में पेयजल संकट गहराया, जिला परिषद सदस्य ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश 

प्रमोद कुमार/न्यूज11 भारत
बरवाडीह/डेस्क:
बरवाडीह प्रखंड के पश्चिमी क्षेत्र की जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी ने शुक्रवार को छेचा पंचायत के आदिम जनजाति बहुल गांव पुटुआगढ़ का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याओं से रूबरू हुईं. इस दौरान गांव में पेयजल संकट सबसे बड़ी समस्या के रूप में सामने आया.ग्रामीणों ने बताया कि गांव में जल जीवन मिशन के तहत लगाया गया जलमीनार पिछले कई महीनों से खराब पड़ा है. इसकी वजह से लोगों को पीने के पानी के लिए कुओं और नदी पर निर्भर रहना पड़ रहा है. ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में दूषित पानी पीने की मजबूरी बनी रहती है, जिससे बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है. इसके अलावा ग्रामीणों ने गांव की अन्य मूलभूत समस्याओं से भी जिला परिषद सदस्य को अवगत कराया.

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला परिषद सदस्य संतोषी कुमारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर पेयजल संकट के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया. उन्होंने गांव में शीघ्र नया बोरिंग कराने तथा खराब जलमीनार की मरम्मत कर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की.संतोषी कुमारी ने कहा कि आदिवासी एवं आदिम जनजाति बहुल क्षेत्रों में पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की सभी जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा, ताकि किसी भी परिवार को पेयजल जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए परेशान न होना पड़े. दौरे के दौरान संतोष गुप्ता, रमेश कोरवा, खरीदन कोरवा, तेजू कोरवा, अर्जुन कोरवा, सोनी देवी, गुनी देवी, शांति देवी, सरिता देवी सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे.