राजन पाण्डेय/न्यूज11 भारत
चैनपुर/डेस्क: वन विभाग की टीम ने कुरुमगड़ वन क्षेत्र के अंतर्गत कातिंग पंचायत के ब्रह्मपुर गांव में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध साल की लकड़ियों से लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है. तस्करों ने वन विभाग की आंखों में धूल झोंकने के लिए कीमती लकड़ियों के ऊपर जलावन की लकड़ी बिछा रखी थी, लेकिन गुप्त सूचना के आधार पर विभाग ने इसे धर दबोचा.जानकारी के अनुसार, वनपाल को गुप्त सूचना मिली थी कि ब्रह्मपुर क्षेत्र से साल के बेशकीमती बोटा को ट्रैक्टर में लादकर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है.
सूचना मिलते ही वनपाल के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया, जिसमें क्यूआर टीम और वन विभाग के अन्य कर्मी शामिल थे.वन विभाग की टीम ने जब ब्रह्मपुर की ओर से आ रहे संदिग्ध ट्रैक्टर को रोका और तलाशी ली, तो दंग रह गए. ट्रैक्टर के डाले में नीचे साल के मोटे-मोटे बोटा लोड थे, जिन्हें छिपाने के लिए ऊपर से जलावन की सूखी लकड़ियों की एक परत बिछाई गई थी. पकड़े गए ट्रैक्टर पर कोई रजिस्ट्रेशन नंबर भी अंकित नहीं था, जो इसे अवैध कार्यों में इस्तेमाल किए जाने की पुष्टि करता है.
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि टीम को देखते ही चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा. फिलहाल ट्रैक्टर और उस पर लदी लकड़ी को कब्जे में लेकर वन परिसर लाया गया है. विभाग अब इस मामले की गहराई से जांच कर रहा है कि इस तस्करी के पीछे किन लोगों का हाथ है और यह लकड़ी कहाँ ले जाई जा रही थी.
यह भी पढ़ें: संजू सैमसन ने जड़ा IPL 2026 का पहला शतक, अपने इस रिकॉर्ड को किया ब्रेक