न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड हाईकोर्ट के पूर्व कार्यवाहक चीफ जस्टिस हरीश चंद्र मिश्रा का निधन हो गया. आज गुरुवार को उन्होंने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर से न्यायिक जगत में शोक की लहर है. अधिवक्ताओं और न्यायाधीशों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी.
बताते चलें जस्टिस हरीश चंद्र मिश्रा ने 30 अगस्त 2019 से 16 नवंबर 2019 तक झारखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश (Acting Chief Justice) के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी. न्यायिक सेवा में लंबे समय तक योगदान देने के बाद 26 मार्च 2021 को वे सेवानिवृत्त हुए थे.
इससे पूर्व 27 अप्रैल 2011 को उन्हें झारखंड हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश (Additional Judge) नियुक्त किया गया था. इसके बाद 31 जनवरी 2013 को उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट के स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ ली थी. इसके अलावा उन्होंने देवघर, रांची और चाईबासा में विभिन्न न्यायिक पदों पर भी सेवाएं दी. साथ ही वह चारा घोटाला मामलों में CBI के विशेष न्यायाधीश भी रहे.