नंदकिशोर कुमार/न्यूज11 भारत
डुमरी/डेस्क: डुमरी थाना क्षेत्र के कूटलू, जैरागी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक पेड़ से जा टकराई, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान कांदापाठ निवासी जीवन ठिठियो, पिता- अंधारियास असुर, उम्र लगभग 30 वर्ष के रूप मे हुई है. जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की पहचान जयमसीह बेंग, पिता - निकोलस मिंज, उम्र- 28 वर्ष एवं इनोसेंट बेंग, पिता - अंजलुस मिंज, उम्र - 27 वर्ष के रूप में हुई है. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर तेज गति से जा रहे थे. इसी दौरान चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सड़क किनारे पेड़ से जोरदार टक्कर मार बैठी. टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवकों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. वहां प्राथमिक इलाज के बाद एक घायल जयमसीह बेंग की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया गया. जबकि दूसरे का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है.
सूचना मिलते ही डुमरी थाना SI अंकित कुमार भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.