रोहन निषाद/न्यूज़ 11 भारत
चाईबासा/डेस्क: बड़ा जामदा से नोवामुंडी जाने वाले मुख्य मार्ग पर सुक्चेन मोटर के सामने चढ़ाई वाले रास्ते पर कल गुरुवार देर रात 17 हाथियों का झुंड दिखाई दिखा, जिसे देख लोगों में दहशत का माहौल बन गया. वहीं अचानक इतनी बड़ी संख्या में हाथियों के सड़क पर आ जाने से वाहन चालकों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा.
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने के लिए पटाखे छोड़े. विभाग ने लोगों से अपील की है कि इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालक और राहगीर सावधानी बरतें, हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें और उनके पास जाने या रास्ता रोकने की कोशिश न करें.
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में पूर्व में हाथियों के हमले की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. वन विभाग ने लगातार निगरानी शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ें: जमशेदपुर: देर रात अपराधियों ने बरसाई ताबड़तोड़ गोलियां, एक युवक घायल