विकास कुमार/संतोष श्रीवास्तव/न्यूज 11 भारत
पलामू/डेस्क: जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में कल शनिवार देर शाम शहर में अवैध शराब की बिक्री एवं भंडारण पर रोक लगाने को लेकर पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाया. इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने जय प्रकाश चौक, नहर मोड़, स्टेशन रोड समेत शहर के विभिन्न इलाकों में स्थित दुकानों, होटलों, गुमटी एवं ठेला दुकानों की जांच की.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल एवं दुकानों में अवैध शराब रखने तथा उसकी बिक्री किए जाने को लेकर तलाशी ली. इस दौरान कई दुकानों और ठेला-गुमटी की जांच की गई. हालांकि, पुलिस को किसी भी दुकान से अवैध शराब बरामद नहीं हुई.अभियान के दौरान पुलिस ने दुकानदारों को अवैध शराब का भंडारण अथवा बिक्री नहीं करने की हिदायत भी दी. पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार की सूचना मिलने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी. थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि पलामू पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशानुसार यह छापेमारी अभियान चलाया गया है. उन्होंने कहा कि अवैध शराब की बिक्री एवं भंडारण के खिलाफ हुसैनाबाद क्षेत्र में बीच-बीच में लगातार जांच एवं छापेमारी की जाएगी. पुलिस का उद्देश्य क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाना है. इस दौरान थाना प्रभारी चंदन कुमार के अलावे पुलिस बल भी मौजूद रही.
इसे भी पढ़ें: झारखंड में आज भी बरसेंगे बदरा, 19 जिलों में येलो अलर्ट