न्यूज़11 भारत
साहिबगंज/डेस्क: साहिबगंज जिले के बरहेट थाना क्षेत्र से एक बेहद ही सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक मुस्लिम युवक ने अपना नाम बदलकर एक नाबालिग हिंदू लड़की को अपने प्रेम जाल में फंसाया. युवक नाबालिग लड़की से शादी करने के लिए मंदिर तक पहुंच गया था, जहां उसने नाबालिग के मांग में सिंदूर भी भर दी, लेकिन मंदिर कमेटी की मुस्तैदी से इस पूरी साजिश का भंडाफोड़ हो गया. मामले की जानकारी मिलते ही साहिबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया.
एक ही स्कूल में पढ़ते थे दोनों
मिली जानकारी के अनुसार बरहेट संताली मोमिन टोला निवासी अब्दुल अंसारी के बेटे मनौव्वर अंसारी ने रांगा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक नाबालिग हिंदू लड़की से अपनी पहचान छिपाकर दोस्ती की. उसने नाबालिग को अपना नाम मनौव्वर अंसारी की जगह पर मनोहर बताया. दोनों एक ही स्कूल में साथ पढ़ते थे, लेकिन इसके बावजूद नाबालिग को इसकी भनक तक नहीं लगी. धीरे-धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गया और मनौव्वर ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर शादी के लिए मना लिया.
सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा
15 जुलाई, बुधवार को दोनों शादी करने शिवगादी मंदिर पहुंचें. जहां युवक ने नाबालिग की मांग में सिंदूर डाल दिया. इस दौरान वहां मौजूद लोगों को युवक की हरकतों पर शक हुआ, जिसके बाद इसकी जानकारी शिवगादी मंदिर प्रबंधन समिति को दी गयी. सूचना मिलते ही मंदिर कमेटी के सदस्यों ने तुरंत सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद मामला संदेहास्पद लगने के बाद मामले की जानकारी बरहेट थाना पुलिस को दी गयी.
स्कूटी से मिला एक बुर्का
जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मनौव्वर को मौके से ही धर दबोचा. जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की स्कूटी से एक बुर्का भी मिला. आशंका जताई जा रही है कि आरोपी नाबालिग लड़की को अपनी पहचान छिपाकर सफर कराने और लोगों की नजरों से बचाने के लिए बुर्का पहनाता था.
नाबालिग को किया परेशान- पीड़िता की मां
नाबालिग लड़की की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक मनौव्वर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. दर्ज FIR के मुताबिक 15 जुलाई को नाबालिग लड़की बरहेट स्थित अपने स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन दोपहर करीब 11:30 बजे परिजनों को उसके साथ कुछ अनहोनी होने की सूचना मिली. पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि इससे पहले 29 जून को भी मनौव्वर उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर रांची ले गया था, जहां उसने नाबालिग को काफी परेशान किया और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध भी बनाए.
पीड़िता तीन बहनें हैं और उसके पिता की मौत हो चुकी है. घर में कमाने वाला कोई पुरुष सदस्य नहीं होने के कारण उसके मामा ही उसकी पढ़ाई-लिखाई का खर्च उठाते थे. बताया जा रहा है कि आरोपी ने पीड़िता की इसी पारिवारिक और आर्थिक स्थिति का फायदा उठाया.
कोर्ट में हुई पेशी
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी मनौव्वर अंसारी को कल गुरुवार को साहिबगंज कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे सीधे जेल भेज दिया गया. वहीं पीड़िता भी अपने परिजनों के साथ कोर्ट पहुंची, जहां मजिस्ट्रेट के समक्ष दंड प्रक्रिया संहिता के तहत उसका बयान दर्ज कराया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
इसे भी पढ़ें: Jharkhand Weather: रांची समेत कई हिस्सों में आज झमाझम बारिश की संभावना, कई जिलों में येलो अलर्ट जारी