सड़क जाम

सड़कों पर गाड़ियां खड़ी होने से हर घंटे लग रहा जाम, मेदनीनगर में नर्सिंग होम के बाहर गाड़ियां खड़ी होने से लोग परेशान

अव्यवस्था के कारण सड़क से गुजरने वाले आम लोगों को हर घंटे जाम से जूझना पड़ रहा है

By : Pramod Kumar , News11 Bharat
सड़कों पर गाड़ियां खड़ी होने से हर घंटे लग रहा जाम, मेदनीनगर में नर्सिंग होम के बाहर गाड़ियां खड़ी होने से लोग परेशान

संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत

पलामू/डेस्क:  पलामू जिले के मेदनीनगर शहर में जेलहाता से साहित्य समाज जाने वाली मुख्य सड़क पर रोजाना भीषण जाम लग रहा है. इस सड़क पर स्थित डॉ अरुण शुक्ला नर्सिंग होम और डॉ निखिल ओझा क्लीनिक के बाहर पार्किंग की सही व्यवस्था नहीं होने के कारण मरीज और उनके स्वजन सड़कों पर ही गाड़ियां खड़ी कर रहे हैं.

डॉ अरुण शुक्ला के नर्सिंग होम परिसर के भीतर पर्याप्त जगह होने के बावजूद मरीज उतारने के लिए एंबुलेंस और अन्य वाहन सड़कों पर ही रोक दिए जाते हैं. इसके साथ ही नर्सिंग होम के कर्मचारियों और मरीजों के तीमारदारों के दोपहिया वाहन भी सड़क के दोनों तरफ खड़े रहते हैं.

इस अव्यवस्था के कारण सड़क से गुजरने वाले आम लोगों को हर घंटे जाम से जूझना पड़ रहा है. सड़कों पर गाड़ियां खड़ी रहने से आए दिन दोपहिया और चार पहिया वाहन आपस में टकरा रहे हैं. स्थानीय लोगों ने इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की है लेकिन अब तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है.
स्थानीय निवासियों ने यातायात विभाग से मांग की है कि इस मार्ग पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती कर जाम से राहत दिलाई जाए. इसके साथ ही नर्सिंग होम संचालकों को भी निर्देश दिया जाए कि वे अपने परिसर के भीतर ही वाहनों की पार्किंग सुनिश्चित कराएं ताकि मुख्य सड़क पर आवागमन बाधित न हो.

यह भी पढ़ें: जिला परिषद सदस्य ने उप स्वास्थ्य केन्द्र का किया शिलान्यास, गांव के लोगों को मिलेगी समुचित स्वास्थ्य सुविधा