न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बड़ा आरोप लगाया है. हालांकि इरफान अंसारी पहले भी ऐसे आरोप लगा चुके हैं. उन्होंने फिर से आरोप लगाया है कि फॉर्म-7 की आड़ में सिर्फ जामताड़ा जिले में 41 हजार वोट काटने की साजिश चल रही है.
उन्होंने कहा कि जब जिले में बांग्लादेशी और घुसपैठिए नहीं मिले तो अब असली वोटरों के नाम काटे जा रहे हैं. इसके लिए उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि पार्टी लोकतंत्र पर नहीं, मतदाताओं के अधिकार पर हमला कर रही है. उन्होंने आदिवासी-अल्पसंख्यक वोटरों को निशाना बनाने की साजिश का भी आरोप लगाया.
डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि वह जल्द केंद्रीय चुनाव आयोग से मिलकर अपनी बात रखेंगे. उन्होंने एसआईआर की डेट बढ़ाने के बाद भी नोटिस आने की बात कही. उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में पारदर्शिता होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों को पहले से पता है कि किस विधानसभा क्षेत्र में कितने वोटरों का नाम कटने जा रहा है.