भरत मंडल/न्यूज 11 भारत
गांडेय/डेस्क: अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के चामलिट्ठी गांव में बुधवार की दोपहर तालाब में डूबने से 16 वर्षीय किशोर सोनू कुमार मंडल की मौत हो गयी. मृतक चामलिट्ठी निवासी चुटो मंडल का इकलौता पुत्र था. घटना के बाद गांव में मातम पसरा है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जानकारी के अनुसार, बुधवार की दोपहर गांव के कुछ किशोर तालाब में नहाने गये थे. नहाने के दौरान सभी आपस में खेल रहे थे. इसी क्रम में किशोरों ने पनडुब्बी रेस लगाने की बात कही. रेस के दौरान सोनू काफी देर तक पानी से बाहर नहीं निकला. काफी समय बीतने के बाद जब वह बाहर नहीं आया, तो अन्य बच्चे घबराकर घर पहुंचे और परिजनों को घटना की जानकारी दी.
सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन आनन-फानन में तालाब पहुंचे. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद सोनू को पानी से बाहर निकाला और इलाज के लिए गांडेय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे. प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे गिरिडीह सदर अस्पताल ले गये, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सोनू को मृत घोषित कर दिया.
शव पहुंचते ही मचा कोहराम
सोनू का शव घर पहुंचते ही परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे. घटना की सूचना मिलने के बाद धनबाद में मजदूरी करने वाले उसके पिता चुटो मंडल भी गांव पहुंचे. परिजनों के अनुसार, चुटो मंडल की तीन संतान हैं, जिसमें दो बेटियां और एक बेटा था. सोनू उनका इकलौता पुत्र था. सोनू ने इसी वर्ष इंटर की कक्षा में नामांकन कराया था.
108 एंबुलेंस में ऑक्सीजन नहीं होने का आरोप
परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा को लेकर भी सवाल उठाये हैं. उनका कहना है कि गांडेय सीएचसी से सोनू को गिरिडीह ले जाने के दौरान एंबुलेंस में ऑक्सीजन की सुविधा नहीं थी. परिजनों ने चालक से वाहन तेज चलाने का आग्रह किया, लेकिन चालक ने वाहन का टायर ठीक नहीं होने का हवाला देते हुए तेज गति से वाहन चलाने में असमर्थता जतायी. इसके बाद परिजन सोनू को निजी वाहन से गिरिडीह सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. हालांकि, एंबुलेंस की व्यवस्था और ऑक्सीजन की उपलब्धता को लेकर संबंधित विभाग का पक्ष सामने नहीं आ सका है.
घटना के बाद चामलिट्ठी गांव में शोक की लहर है. ग्रामीणों ने परिवार के इकलौते बेटे की असमय मौत पर गहरी संवेदना जतायी है.
यह भी पढ़ें: संत शिरोमणि रविदास के 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर हाटगम्हरिया में समरसता संकल्प अभियान