प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बेतला नेशनल पार्क सभागार में सोमवार को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन की समीक्षात्मक बैठक हुई. बैठक में लातेहार समेत गढ़वा, पलामू, गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा में संचालित जलापूर्ति योजनाओं की जिलावार और योजनावार प्रगति की समीक्षा की गई.
बैठक में योजनाओं के निर्माण, पूर्ण एवं लंबित कार्य, ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजलापूर्ति तथा पाइपलाइन व अन्य आधारभूत संरचनाओं की स्थिति की जानकारी ली गई. समीक्षा के दौरान कई योजनाओं में संवेदकों द्वारा अपेक्षित प्रगति नहीं किए जाने और कार्य में लापरवाही की बात सामने आने पर मंत्री ने नाराजगी जताई.मंत्री ने अधिकारियों को लापरवाह संवेदकों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई तथा गंभीर मामलों में ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया.
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन जैसी महत्वपूर्ण योजना में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.उन्होंने लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने तथा पूर्ण योजनाओं से वास्तव में ग्रामीणों को नियमित पेयजल मिल रहा है या नहीं, इसकी लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया.विभागीय सचिव अबु इमरान ने भी ग्रामीणों को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता बताया. बैठक में जल जीवन मिशन निदेशक शशि रंजन, लातेहार उपायुक्त संदीप कुमार, डीडीसी सैय्यद रियाज अहमद सहित संबंधित जिलों के पदाधिकारी, अभियंता, संवेदक एवं तकनीकी अधिकारी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: काली कंबल वाले बाबा के शिविर में दिखाने आया युवक लापता, परिजनों ने थाने में दी सूचना