विकास कुमार/संतोष श्रीवास्तव/न्यूज 11 भारत
पलामू /डेस्क: पलामू के हुसैनाबाद नगर पंचायत प्रशासन ने सोमवार, 21 सितंबर 2026 को नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या-14 स्थित शिव शंकर लॉज एवं रेस्टोरेंट को सील कर दिया. यह कार्रवाई झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत की गई. नगर पंचायत प्रशासन के अनुसार, उक्त प्रतिष्ठान का होल्डिंग टैक्स पंजीकरण नहीं था. साथ ही स्वीकृत भवन नक्शा उपलब्ध नहीं कराया गया था तथा लॉज एवं रेस्टोरेंट संचालन के लिए आवश्यक अनुज्ञप्ति भी प्राप्त नहीं की गई थी. इन मामलों को लेकर प्रतिष्ठान को पूर्व में कई बार नोटिस दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई.
नगर पंचायत प्रशासन ने बताया कि प्रतिष्ठान में देह व्यापार जैसे अनैतिक कार्य संचालित होने की शिकायतें भी लगातार प्राप्त हो रही थीं. इसके बाद नियमों के अनुपालन नहीं होने और प्राप्त शिकायतों के मद्देनजर प्रशासन ने प्रतिष्ठान को सील करने की कार्रवाई की. कार्रवाई के दौरान नगर प्रबंधक अभिषेक राहुल, विधि सहायक बिक्रम कुमार, कनीय अभियंता अभिजीत दुबे, कनीय अभियंता अजीत गुप्ता, स्ट्रीट लाइट निरीक्षक सुधांशु तिवारी, रवि, संजीत एवं मंटू समेत नगर पंचायत के अन्य कर्मी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: करम पर्व पर कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष सुखैर भगत ने आदिवासी माता-बहनों को भेंट की सांस्कृतिक साड़ियां