राहुल कुमार/न्यूज11भारत
चंदवा/डेस्क: चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदवा-माल्हन-मैक्लुस्कीगंज मार्ग पर स्थित काली कुर्मी टोला के समीप सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों की पहचान ललन करमाली, सुरेंद्र करमाली (पिता जीतन करमाली) और महावीर करमाली के रूप में हुई है. तीनों सुथरपुर, पतरातु (रामगढ़) के निवासी बताए जा रहे हैं. ये लोग किसी कार्य से चंदवा आए थे. वापस लौटने के क्रम में उक्त घटना घटी. हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को सूचना दी. जिसके बाद एंबुलेंस टीम ने तीनों घायलों को चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. डॉक्टरों ने बताया कि ललन करमाली और महावीर करमाली को सिर, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया. वहीं सुरेंद्र करमाली को हल्की चोटें आई हैं और उनका उपचार चंदवा सीएचसी में चल रहा है. घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का आतंक बढ़ता जा रहा है. ग्रामीणों ने तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालो पर रोक लगाने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: न्यायालय के निर्देश पर चंदवा पुलिस ने अपराधी राहुल सिंह के घर चिपकाया इश्तेहार