न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: विदेश की चीजें लोगों को काफी लुभाती हैं. वे हमेशा इंडिया की दूसरे देश के साथ तुलना करते रहते हैं. ऐसे में इस बीच एक ऐसी खबर सामने आई, जिसे सुनकर और जानकर हर कोई चौंक जाए. चीन में एक कंपनी ने अपने कर्मचारियों के लिए टॉयलेट इस्तेमाल करने का एक अजीब और सख्त नियम लागू किया है, जिससे इंटरनेट पर पूरे सोशल मीडिया पर हलचल मच गई हैं. गुआंग्डोंग प्रांत के फोशान स्थित 'Three Brothers Machine Manufacturing' कंपनी ने 11 फरवरी को कर्मचारियों के लिए शौचालय उपयोग के समय के लिए एक नया नियम पेश किया था, जो अब विवादों का कारण बन गया हैं.
कंपनी ने दावा किया था कि यह नीति प्राचीन चीनी चिकित्सा शास्त्र के सिद्धांतों पर आधारित है और कर्मचारियों की भलाई के लिए हैं. लेकिन क्या इस नए नियम का उद्देश्य कर्मचारियों की सेहत को नुकसान पहुंचाना था? आइए जानते है इस नियम के बारे में और इसकी वजह से मचने वाली हलचल के बारे में.
कंपनी का नया नियम क्या था?
इस नियम के अनुसार, कर्मचारियों को वाशरूम का उपयोग करने के लिए एक विशेष समय निर्धारित किया गया. कर्मचारियों को सुबह 8 बजे से पहले, सुबह 10:30 से 10:40 बजे तक, दोपहर 12 बजे से 1.30 बजे तक, 3.30 से 3.40 बजे तक और शाम 5.30 से 6 बजे तक वाशरूम इस्तेमाल करने की अनुमति थी. वहीं ओवरटाइम शिफ्ट में काम करने वाले लोगों को रात 9 बजे के बाद ही यह सुविधा उपलब्ध थी. इसके अलावा अगर कोई कर्मचारी इन निर्धारित समयों के अलावा टॉयलेट का उपयोग करते है तो उसे केवल दो मिनट का समय मिलेगा और यदि कोई इस समय से ज्यादा तक वाशरूम में रहता है तो उसे 100 युआन (करीब 1200 रूपए) का जुर्माना भरना पड़ता. इस खबर की सार्वजनिक आलोचना के बाद कंपनी ने 13 फरवरी को इस नियम को रद्द करने का निर्णय लिया.