न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: सरकार की लाख कोशिशों के बावजूद दरभंगा में जमीन कारोबारियों का मनोबल कम होता नजर नहीं आ रहा है. अब ताजा मामला बिहार राज्य धार्मिक न्यास समिति से जुड़ी जमीन का सामने आया है, जहां मंदिर की दान की गई बहुमूल्य भूमि और तालाब की जमीन का सरकारी तंत्र की मदद से गलत दस्तावेज बना कर प्लॉटिंग कर अवैध खरीद-बिक्री का मामला प्रकाश में आया है. समिति के शिकायत के वावजूद तंत्र धार्मिक न्यास समिति का साथ नही दे रही है, जिससे समिति के सदस्यों के बीच काफी आक्रोश है.
बताया जाता है कि दरभंगा अंतर्गत स्थित श्री राम जानकी मंदिर, रुहेलागंज न्यास समिति (नाका संख्या–1) की जमीन पर संगठित तरीके से अवैध कब्जा कर प्लॉटिंग की जा रही है. यह भूमि दरभंगा हवाईअड्डा से पश्चिम करहटिया जाने वाले मार्ग पर, गैस गोदाम से लगभग 50 मीटर पश्चिम मुख्य सड़क से सटी हुई है. यह संपत्ति स्वर्गीय फग्गूलाल जी द्वारा धार्मिक एवं सार्वजनिक उद्देश्यों के लिए दान में दी गई थी, जो विधिक रूप से न्यास संपत्ति है और इसकी खरीद-बिक्री प्रतिबंधित है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कुछ असामाजिक तत्वों ने गिरोह बनाकर उक्त भूमि पर कब्जा कर आम लोगों को गुमराह करते हुए प्लॉटिंग शुरू कर दी है. इस मामले में श्रवण यादव, नथुनी यादव, कमलेश यादव, छोटू यादव, सुनील यादव और शम्भु यादव समेत अन्य लोगों के नाम सामने आए है. शिकायतकर्ता का दावा है कि करीब एक दर्जन अन्य लोग भी इस कथित अवैध कार्य में संलिप्त है.
शिकायतकर्ता का कहना है कि मामले को लेकर स्थानीय लोगों में भय का माहौल है, जिसके कारण वे खुलकर सामने आने से हिचक रहे है. इस संबंध में बिहार राज्य धार्मिक न्यास समिति, पटना को लिखित शिकायत भेजी गई है, जिसमें निष्पक्ष जांच, प्राथमिकी दर्ज करने और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है. अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है और मंदिर न्यास की संपत्ति को सुरक्षित रखने के लिए कितनी तत्परता दिखाता है.
यह भी पढ़े: भोजपुर जिले के केशवपुर गांव में युवक को बदमाशों ने मारी गोली, गंभीर अवस्था में भर्ती