अभिषेक राज/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: मोक्ष और ज्ञान की पावन भूमि गया में आज तमिलनाडु के राज्यपाल आर.एन. रवि ने विष्णुपद मंदिर पहुंचकर विधिवत पिंडदान किया. विष्णुपद मंदिर प्रबंध कार्यकारिणी के सदस्य मणिलाल बारिक ने बताया कि राज्यपाल ने अपने पूर्वजों पिता तुल्य, माता तुल्य, नानी, ससुर, मासी एवं बुआ सहित अन्य स्वजनों का मंत्रोच्चारण के साथ श्रद्धापूर्वक पिंडदान किया.
राज्यपाल ने विष्णुपद मंदिर, फल्गु नदी और अक्षयवट तीनों पवित्र स्थलों पर शास्त्रोक्त विधि से पिंडदान संपन्न कराया. इस अवसर पर मंदिर परिसर में रुद्राक्ष अभिषेक, जलाभिषेक तथा मध्य अभिषेक की पूजा भी विधिवत कराई गई. पिंडदान से संबंधित सभी धार्मिक अनुष्ठानों की समुचित व्यवस्था की गई थी.
पिंडदान एवं पूजा-अर्चना के उपरांत विष्णुपद मंदिर कमेटी की ओर से राज्यपाल को विष्णु चरण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया. इस दौरान उनके साथ उनकी धर्मपत्नी एवं पुत्री भी उपस्थित रही. कार्यक्रम शांत, श्रद्धामय एवं परंपरागत वातावरण में संपन्न हुआ.