न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
विजय शेखर सिंह/पटना: पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) में चल रहे अनंत सिंह और नीरज कुमार के विवाद के बीच नीरज कुमार ने जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से मुलाकात की है। इस दौरान नीतीश कुमार ने चुनाव में नीरज कुमार को मजबूती से लड़ने और जीतने का आशीर्वाद दिया।
इस मुलाकात के बाद नीरज कुमार ने सोशल मीडिया x पर एक भावुक पोस्ट साझा कर इसकी जानकारी दी।
नीरज कुमार का भावुक पोस्ट
नीरज कुमार ने लिखा-"जनता दल (यू०) के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष, क्लाइमेट लीडर एवं ग्लोबल थिंकर आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी द्वारा मुझे पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव 2026 के लिए NDA समर्थित उम्मीदवार के रूप में जनता दल (यू०) के उम्मीदवार होने का प्रपत्र प्रदान किया गया। इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए मैं आदरणीय नीतीश कुमार जी के प्रति हृदय से आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त करता हूँ। यह सम्मान मेरे लिए नहीं, बल्कि पार्टी के प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता की पूंजी है। आप सभी का स्नेह, आशीर्वाद, विश्वास और सहयोग ही मेरी सबसे बड़ी शक्ति है। सादर आभार एवं हृदय से धन्यवाद।
बता दें कि जेडीयू ने 23 सितंबर को पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा एमएलसी नीरज कुमार को फिर उम्मीदवार बनाया था। वह इस सीट से चौथी बार चुनाव लड़ रहे हैं। नीरज कुमार के नाम की घोषणा से पहले ही मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने उनकी उम्मीदवारी का विरोध किया था।
23 अक्टूबर को चुनाव
पटना स्नातक समेत बिहार विधान परिषद की 8 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को चुनाव होना है। इसकी गिनती 27 अक्टूबर को होगी। पटना स्नातक सीट पर जेडीयू ने नीरज कुमार को प्रत्याशी बनाया है। वहीं जन सुराज की तरफ से डॉ. अनुज कुमार सिंह चुनावी मैदान में हैं। चुनाव से पहले अनंत सिंह का रुख और अब नीरज कुमार की नीतीश कुमार से मुलाकात ने इस सीट के मुकाबले को और खास बना दिया है।