न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में नंगे तार की चपेट में आने से हुई संदीप भुईयां की मौत के मामले में एक आरोपी गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने अनुसंधान के क्रम में कार्रवाई करते हुए आरोपी ललन भुईयां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. प्राथमिकी के अनुसार, वीरेंद्र भुईयां द्वारा अपने भाई संदीप भुईयां की हत्या के आरोप में सुरेश भुईयां, कृष्णा भुईयां और ललन भुईयां के विरुद्ध मामला दर्ज कराया गया था.
पुलिस अनुसंधान के दौरान यह बात सामने आई कि ललन भुईयां ने अपनी बारी में मकई की फसल लगाई थी, जिसे नीलगाय से बचाने के लिए उसने सिंगल फेज में खंभा और बिजली पोल के सहारे नंगे तार से खेत को घेर रखा था.
इसी नंगे तार की चपेट में आने से घटना के दिन संदीप भुईयां की मौत हो गई थी. इस मामले में पुलिस ने करीब 57 वर्षीय आरोपी ललन भुईयां को गिरफ्तार किया है. साथ ही साथ पलामू पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति अपने खेत, जमीन या बाउंडी की घेराबंदी के लिए बिजली के नंगे तार का उपयोग न करें, क्योंकि इससे किसी भी व्यक्ति या जानवर की मृत्यु हो सकती है और यह एक संगीन अपराध है.