न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: बिहार के नवादा में नए साल के जश्न से पहले शराब माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है. नवादा पुलिस ने पानी की टंकियों में छिपाकर रखी गई लगभग 1000 लीटर देशी महुआ शराब जब्त की है. यह कार्रवाई बिहार-झारखंड सीमा क्षेत्र के रजौली थाना अंतर्गत जरलाही के जंगल में की गई. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब माफिया नए साल के लिए शराब की पैकिंग कर रहे है. सोमवार शाम को की गई छापेमारी के दौरान, पुलिस ने 500 लीटर क्षमता वाली सफेद, काले और नीले रंग की पानी की टंकियों में छिपाकर रखी गई शराब बरामद की.
नवादा जिले में बिहार शराबबंदी को सफल बनाने के लिए पुलिस बलों द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है. रजौली थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के सत्यापन और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए एक टीम गठित की गई थी. छापेमारी दल में पीएसआई सचिन कुमार, एएसआई अमित कुमार, एएसआई सत्यदेव प्रसाद और एएसआई पवन कुमार सहित सशस्त्र बल शामिल थे. छापेमारी के दौरान, शराब की पैकिंग में जुटे दो लोग पुलिस को देखकर जंगली रास्तों से भाग निकले. पुलिस ने उनका काफी पीछा किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आ सके.
जब्त की गई शराब के अलावा, मौके पर ही अर्धनिर्मित शराब को जमीन पर गिराकर नष्ट कर दिया गया. थानाध्यक्ष ने बताया कि यह शराब नए साल में उपयोग के लिए घने जंगल में पैक की जा रही थी. पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़े: भागलपुर में युवक की अमानवीय हत्या, शव तीन टुकड़ों में किए