न्यूज 11 भारत/पटना डेस्क: नवादा में त्योहार से पहले अवैध शराब निर्माण के खिलाफ रूपौ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अजय नगर पहाड़ी के जंगल में छापेमारी कर तीन अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। पुलिस की कार्रवाई से शराब निर्माण में जुटे लोगों में हड़कंप मच गया।
थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि अजय नगर पहाड़ी के घने जंगल में अवैध रूप से शराब निर्माण किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर दलबल के साथ जंगल में पहुंचकर कार्रवाई की गई। इस दौरान तीन शराब भट्ठियों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया।
पुलिस ने वहां रखे 200 लीटर क्षमता वाले 22 ड्रम में करीब 4400 लीटर महुआ जावा घोल बरामद कर उसे मौके पर ही विनष्ट कर दिया।
पुलिस के अनुसार, जंगल में बड़े पैमाने पर अवैध शराब तैयार करने की तैयारी चल रही थी। त्योहार के दौरान शराब की खपत बढ़ने की आशंका के बीच शराब माफिया सक्रिय थे। पुलिस की इस कार्रवाई से उनके मंसूबों पर पानी फिर गया। पुलिस ने अवैध शराब निर्माण में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।