न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
रोहित/पटना: पटना में गोलीबारी की घटना के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव देर रात पटना नगर निगम के पूर्व वार्ड पार्षद अनिल यादव के परिजनों से मिलने मेदांता हॉस्पिटल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
उन्होंने बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में आम लोगों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक कोई सुरक्षित नहीं है। तेजस्वी ने जातीय आधार पर कार्रवाई के आरोप लगाते हुए कहा कि अपराधी चाहे किसी भी जाति का हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी निशाना साधते हुए उन्हें “सिलेक्टेड मुख्यमंत्री” बताया।
पटना जैसे शहर में जब जनप्रतिनिधि सुरक्षित नहीं है तो फिर कौन सुरक्षित है? कोई ऐसा दिन नहीं है जिस दिन गोली नहीं चलती हो। हर दिन गोली चल रही है और रोज हत्याएं हो रही है।
तेजस्वी ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पटना के लोग जब सुरक्षित नहीं हैं तो फिर बिहार के लोग कैसे सुरक्षित होंगे।
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार में अपराध की घटनाओं में जातीय राजनीति को भी जोड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को केवल उसकी जाति के आधार पर निशाना बनाया जाना या किसी घटना में जाति को बहाना बनाकर आरोपी बनाया जाना उचित नहीं है।