इन्द्रदेव/न्यूज11 भारत
सहरसा/डेस्क: सहरसा के शिक्षक दीपक कुमार ‘दीप’ ने शिक्षा विभाग के सहकर्मियों और अधिकारियों पर 17 वर्षों से लगातार प्रताड़ित और शोषित करने का गंभीर आरोप लगाया है. इस संबंध में उन्होंने उच्च अधिकारियों को एक अत्यावश्यक एवं अंतिम आवेदन भेजते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है. आवेदन में दीपक कुमार ने कहा है कि विभागीय सहयोगी उनकी वेतन और सेवा से संबंधित फाइलों को जानबूझकर रोककर रखते हैं, जिससे उन्हें वर्षों से वैधानिक लाभ नहीं मिल पा रहा है.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ कर्मियों की मिलीभगत से फाइलों का निपटारा “सौजन्य राशि” लिए बिना नहीं किया जाता. आवेदन में एक कर्मी पर BDO व BEO के सहयोग से हर महीने अवैध राशि वसूलने का गंभीर आरोप लगाया गया है. दीपक के अनुसार उन्होंने अपनी सेवा अवधि में कभी कोई अनियमितता नहीं की, लेकिन विभागीय दुश्मनी के कारण लगातार परेशान किया जा रहा है.
इसके अलावा, उन्होंने व्हाट्सऐप और मैसेज के जरिए ब्लैकमेल और बदनाम करने की शिकायत भी की है. लंबे समय तक वेतन रोक दिए जाने से उनका पारिवारिक जीवन प्रभावित हुआ और वे मानसिक रूप से बेहद टूट चुके हैं.
दीपक कुमार ने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच और संबंधित दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. आवेदन की प्रति उन्होंने मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सांसद, विधायक और पुलिस अधीक्षक को भी भेजी है, ताकि उन्हें न्याय मिल सके.
यह भी पढ़ें: सोनाहातू में पड़ रही कड़ाके की ठंड, दर्जनों जरूरतमंदों के बीच बांटे गये कंबल