न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: बिहार के सीतामढ़ी से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां डुमरा थाना क्षेत्र के कैलाशपुरी से शिवहर जिले के एक राजस्व कर्मचारी रामकृत महतो को निगरानी विभाग की टीम ने 10 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया है. वह डुमरा थाना क्षेत्र के कैलाशपुरी पुल के समीप शिवहर जिले के पुरनहिया अंचल के अभिराजपुर बैरिया पंचायत के कासोपुर निवासी विनोद नाम के व्यक्ति के जमीन के दस्तावेज सुधार के नाम पर रिश्वत ले रहा था. इसी दौरान पटना से आयी निगरानी विभाग की टीम ने देर शाम उसे दबोच लिया. पकड़ा गया राजस्व कर्मचारी डुमरा थाना क्षेत्र के कैलाशपुरी का निवासी है. वर्तमान में वह शिवहर जिले के पुरनहिया अंचल में राजस्व कर्मचारी के पद पर कार्यरत है. राजस्व कर्मचारी के रिश्वत लेते पकड़े जाने की सूचना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गयी. रिश्वत लेते दबोचने के बाद निगरानी की टीम ने राजस्व कर्मचारी को डुमरा थाने पर ले जाकर करीब एक घंटे तक पूछताछ की. इसके बाद उसे अपने साथ ले गयी है. फिलहाल इस संबंध में निगरानी टीम की ओर से कोई बयान जारी नहीं किया गया है.
यह भी पढ़े: समस्तीपुर-खगड़िया रेलखंड पर बड़ा हादसा, मालगाड़ी के डिब्बे पटरी से उतरे