न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क
रोहित/पटना: मोकामा और बरौनी रेलखंड के बीच स्थित ऐतिहासिक राजेंद्र पुल (राजेंद्र सेतु) पर रेल लाइन दोहरीकरण कार्य को लेकर रेलवे ने बड़ा निर्णय लिया है। निर्माण कार्य और तकनीकी ब्लॉक के मद्देनजर 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक इस मार्ग से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है।
कुछ ट्रेनों को आंशिक रूप से समाप्त (शॉर्ट टर्मिनेट) किया गया है, जबकि कुछ का मार्ग परिवर्तन (डायवर्जन) और कई को पूर्ण रूप से रद कर दिया गया है। इससे खगड़िया, बेगूसराय, सहरसा और सीमांचल से पटना जाने वाले दैनिक यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, गाड़ी संख्या 15713 एवं 15714 कटिहार-पटना-कटिहार इंटरसिटी एक्सप्रेस 21 सितंबर से 4 अक्टूबर तक केवल बरौनी जंक्शन (पुरानी बरौनी) तक ही चलाई जाएगी। यह ट्रेन न्यू बरौनी नहीं जाएगी और बरौनी जंक्शन से ही वापस कटिहार के लिए खुलेगी। फलस्वरूप न्यू बरौनी से पटना जंक्शन के बीच स्थित सभी स्टेशनों के लिए यह ट्रेन 4 अक्टूबर तक पूरी तरह कैंसिल रहेगी।
राजेंद्र सेतु पर चल रहे दोहरीकरण कार्य की वजह से कोसी क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाने वाली गाड़ी संख्या 13227/13228 सहरसा-राजेंद्र नगर-सहरसा इंटरसिटी एक्सप्रेस का परिचालन 22 सितंबर से 4 अक्टूबर तक दोनों दिशाओं में पूर्णतः रद कर दिया गया है। इससे कोसी और खगड़िया क्षेत्र से राजधानी पटना आने-जाने वाले हजारों यात्रियों की मुश्किलें बढ़ेंगी।
राज्यरानी एक्सप्रेस का रूट परिवर्तन
इसके अतिरिक्त, गाड़ी संख्या 15509/15510 ललितग्राम-पटना और गाड़ी संख्या 15503/15504 सहरसा-पटना राज्यरानी एक्सप्रेस का परिचालन 22 सितंबर से 4 अक्टूबर तक परिवर्तित मार्ग से कराया जाएगा। यह ट्रेनें बेगूसराय, बरौनी, शाहपुर पटोरी और हाजीपुर के रास्ते पटना की ओर आवागमन करेंगी। इस दौरान यह ट्रेनें मोकामा, बख्तियारपुर और पटना जंक्शन नहीं जाएंगी।
वहीं गाड़ी संख्या 15713/15714 कटिहार-पटना-कटिहार इंटरसिटी केवल बरौनी जंक्शन तक चलेगी। न्यू बरौनी से पटना तक रद रहेगी ट्रेन।
गाड़ी संख्या 13227/13228 सहरसा-राजेंद्र नगर-सहरसा इंटरसिटी एक्सप्रेस का परिचालन 22 सितंबर से 4 अक्टूबर तक पूर्णतः रद
ललितग्राम-पटना और सहरसा-पटना राज्यरानी एक्सप्रेस का बदला मार्ग; मोकामा-बख्तियारपुर के बजाय शाहपुर पटोरी-हाजीपुर होकर चलेंगी।