छापेमारी

पटना से बेगूसराय तक ADM के ठिकानों पर छापेमारी, लाखों की नकदी और करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज बरामद

आय से अधिक संपत्ति के मामले में ADM रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी के ठिकानों पर छापेमारी की गई है।

By : Rani Thakur
पटना से बेगूसराय तक ADM के ठिकानों पर छापेमारी, लाखों की नकदी और करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज बरामद

न्यूज 11 भारत/बिहार डेस्क

अश्मित सिन्हा/पटना: बिहार की राजधानी पटना में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ADM (सप्लाई) रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी कुमारी स्विटी के ठिकानों पर छापेमारी की। कुमारी स्विटी दानापुर में जिला सब रजिस्ट्रार के पद पर कार्यरत हैं। दोनों अधिकारियों पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। निगरानी की टीम ने पटना और बेगूसराय स्थित उनके आवासों और अन्य ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया।

पटना के दानापुर स्थित कश्यप ग्रीन सिटी अपार्टमेंट के ब्लॉक-बी के फ्लैट नंबर 304 में तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नकदी, महंगी घड़ियां और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए। छापेमारी में करीब 79 लाख रुपये नकद, 6 लाख रुपये मूल्य की 48 महंगी घड़ियां और लगभग 3 करोड़ रुपये की संपत्ति के दस्तावेज मिलने की जानकारी सामने आई है।

अलमारी और बक्सों में छिपाकर रखे थे लाखों रुपये

निगरानी की टीम जब फ्लैट में तलाशी लेने पहुंची तो वहां अलमारी से करीब 6 लाख रुपये नकद मिले। इसके बाद अधिकारियों ने अलमारी, बक्सों और घर के अन्य हिस्सों की बारीकी से जांच की। इस दौरान अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखी गई नकदी बरामद हुई। जांच के दौरान 500 रुपये के नोटों की कई गड्डियां भी मिलीं।

पटना में निगरानी टीम के डीएसपी मिथिलेश कुमार ने बताया कि पति-पत्नी दोनों के खिलाफ मामला दर्ज है। उनके दानापुर स्थित एक फ्लैट में तलाशी ली गई, जहां से बड़ी मात्रा में नकदी और महंगी घड़ियां बरामद हुई हैं।

जमीन और फ्लैट में करोड़ों का निवेश

जांच एजेंसी के अनुसार, रविंद्र कुमार दिवाकर ने जमीन और फ्लैट में बड़े पैमाने पर निवेश किया है। उनके और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर कई संपत्तियों का पता चला है।

दानापुर स्थित कश्यप ग्रीन होम्स में पत्नी कुमारी स्विटी के नाम पर 49 लाख 34 हजार रुपये का फ्लैट है, जबकि रविंद्र कुमार दिवाकर के नाम पर 45 लाख 68 हजार 50 रुपये का फ्लैट दर्ज है। दोनों फ्लैट किराये पर दिए गए हैं। इसके अलावा रूपसपुर के कश्यप ग्रीन सिटी अपार्टमेंट में भी उनके और उनकी पत्नी के नाम पर अलग-अलग फ्लैट हैं।

फुलवारीशरीफ में रविंद्र कुमार दिवाकर, उनकी पत्नी और पिता लखन लाल पासवान के नाम पर एक-एक प्लॉट होने की जानकारी मिली है। इन तीनों प्लॉट की कुल कीमत करीब 1.47 करोड़ रुपये आंकी गई है।

वहीं, कुमारी स्विटी के नाम फुलवारीशरीफ में 3.9 डिसमिल जमीन है, जिसकी कीमत 51 लाख 73 हजार 50 रुपये बताई गई है। इतनी ही जमीन रविंद्र कुमार दिवाकर के नाम पर भी है, जिसकी कीमत भी 51 लाख 73 हजार 50 रुपये है। बेगूसराय के बलिया में रविंद्र कुमार दिवाकर के नाम पर 20 डिसमिल जमीन है, जिसकी कीमत 23 लाख 77 हजार 900 रुपये बताई गई है।

उनके पिता लखन लाल पासवान के नाम फुलवारीशरीफ में 3.9 डिसमिल जमीन दर्ज है, जिसकी कीमत 44 लाख 19 हजार 50 रुपये है। इसके अलावा बेगूसराय में पिता के नाम पर 4 डिसमिल जमीन थी, जिसकी कीमत 26 लाख 40 हजार 800 रुपये बताई गई है। 15 जनवरी 2024 को गिफ्ट डीड के माध्यम से यह जमीन रविंद्र कुमार दिवाकर के नाम हस्तांतरित की गई थी।

बेगूसराय स्थित पैतृक आवास पर भी हुई तलाशी

निगरानी विभाग की छह सदस्यीय टीम बेगूसराय जिला मुख्यालय के नगर थाना क्षेत्र के पोखरिया वार्ड नंबर-37 स्थित रविंद्र कुमार दिवाकर के पैतृक आवास पर भी पहुंची। टीम ने दोपहर करीब एक बजे घर में प्रवेश कर तलाशी अभियान शुरू किया।

निगरानी विभाग के डीएसपी वासुदेव राय ने बताया कि रविंद्र कुमार दिवाकर वर्तमान में पटना में ADM (सप्लाई) के पद पर तैनात हैं। उनके खिलाफ निगरानी थाने में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में केस दर्ज है। इसी मामले में न्यायालय से वारंट प्राप्त कर आवास की तलाशी ली गई।

दस्तावेजों का घोषित आय से होगा मिलान

निगरानी विभाग की टीम को छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामान मिले हैं। फिलहाल बरामद नकदी, आभूषण, निवेश और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। एजेंसी इन संपत्तियों का मिलान दोनों अधिकारियों की घोषित आय और वित्तीय विवरणों से करेगी।

पटना और बेगूसराय में देर रात तक तलाशी अभियान जारी रहा। निगरानी विभाग की ओर से जांच पूरी होने के बाद बरामद नकदी, आभूषण और संपत्तियों का विस्तृत ब्योरा जारी किए जाने की बात कही गई है। फिलहाल यह मामला निगरानी थाना में दर्ज है और जांच एजेंसी पूरे मामले की पड़ताल में जुटी है।
 

संबंधित सामग्री

अनिल यादव गोलीकांड का मुख्य आरोपी शंकर राय गिरफ्तार, यूपी में दबोचा; पत्नी का रोते हुए वीडियो आया सामने

अनिल यादव गोलीकांड का मुख्य आरोपी शंकर राय गिरफ्तार, यूपी में दबोचा; पत्नी का रोते हुए वीडियो आया सामने

पार्षद पति अनिल यादव गोलीकांड का मुख्य आरोपी शंकर राय को गिरफ्तार कर लिया गया है।

नीतीश तक पहुंचा अनंत सिंह-नीरज कुमार विवाद, श्रवण कुमार बोले- पार्टी के बड़े नेता...

नीतीश तक पहुंचा अनंत सिंह-नीरज कुमार विवाद, श्रवण कुमार बोले- पार्टी के बड़े नेता...

नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच जारी विवाद की खबर नीतीश कुमार तक पहुंच गई है।

नीरज कुमार को लेकर अनंत सिंह का बड़ा बयान, कहा- उनसे मेरा...

नीरज कुमार को लेकर अनंत सिंह का बड़ा बयान, कहा- उनसे मेरा...

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी अनुज सिंह के बारे में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) विधायक अनंत सिंह ने कहा कि नोमिनेशन की तैयारी गर्दा है।

बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने दिया इस्तीफा, अब इन्हें मिली जिम्मेदारी

बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने दिया इस्तीफा, अब इन्हें मिली जिम्मेदारी

बिहार विधान परिषद के सभापति और भाजपा के वरिष्ठ नेता अवधेश नारायण सिंह ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा सौंप दिया है।

बिहार लाइब्रेरियन पात्रता परीक्षा, यहां जानें कब से शुरू होगा आवेदन 

बिहार लाइब्रेरियन पात्रता परीक्षा, यहां जानें कब से शुरू होगा आवेदन 

बिहार में लाइब्रेरियन पात्रता परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन जारी किया गया है।