न्यूज़11 भारत
पाकुड़/डेस्क: अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के छोटा कुस्कुट्टा गांव में ग्राम प्रधान की हत्या के मामले का पाकुड़ पुलिस ने महज 8 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया. पुलिस ने हत्या के आरोप में गांव के ही करीब 23 वर्षीय धर्मा पहाड़िया को गिरफ्तार किया है. आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी और खून से सना गमछा भी बरामद किया गया है. दरअसल, 21 सितंबर को छोटा कुस्कुट्टा गांव में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी. मृतक की पत्नी चांदी पहाड़िन के फर्दबयान पर अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 72/2026 दर्ज किया गया.
घटना की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी के नेतृत्व में SIT का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी शाखा, फिंगरप्रिंट टीम और स्वान दस्ता के सहयोग से घटनास्थल की जांच शुरू की. जांच में सामने आया कि छोटा कुस्कुट्टा गांव के ग्राम प्रधान छोटा बामना पहाड़िया की रात में घर में सोने के दौरान धारदार हथियार से गला काटकर हत्या की गई थी.
इसके बाद पुलिस ने मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की और महज 8 घंटे के अंदर धर्मा पहाड़िया को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. उसकी निशानदेही पर एक लकड़ी के बेंत वाली टांगी, जिस पर खून जैसा पदार्थ लगा था, और खून से सना नारंगी रंग का प्रिंटेड गमछा बरामद किया गया है. गिरफ्तार आरोपी का आरोप हैं कि हमारे पिताजी और दादाजी की हत्या हुई हैं. मेरा भी करने का बात कहा था. जादू टोना कर हत्या की साजिश रच रहा था.