न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: पुरानी दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में शुक्रवार रात लापरवाही से की गई आतिशबाजी एक व्यापारी के लिए भारी पड़ गई. कुचा रहमान में स्थित कपड़ों के शोरूम इंडियन वेल्वेट एजेंसीज में भीषण आग लग गई, जिसमें लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया.
व्यापारी अरुण शोरूम बंद कर घर जा चुके थे. कुछ ही देर बाद सूचना मिली कि शोरूम की चौथी मंजिल पर बने कपड़ों के गोदाम में आग भड़क उठी हैं. रात 10 बजकर 39 मिनट पर दमकल विभाग को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची दमकल की 5 गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद रात 12 बजकर 20 मिनट पर आग पर काबू पाया.
बारात की आतिशबाजी बनी वजह
स्थानीय विधायक इमरान हुसैन ने बताया कि शोरूम के सामने एक बारात में की जा रही आतिशबाजी से निकली चिंगारी आग का कारण बनी. आग इतनी तेज थी कि पास की इमारत भी इसकी चपेट में आ गई।.राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था और जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ. इससे पहले अजमेरी गेट इलाके में स्क्रैप ऑटो स्पेयर्स पार्ट्स के एक गोदाम में आग लग गई. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 15 गाड़ियां मौके पर भेजी गई. संकरी गलियों के कारण आग बुझाने में काफी परेशानी हुई, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिया गया.
अजमेरी गेट मामले में शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही हैं. इस हादसे में भी किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि लाखों का सामान जलकर राख हो गया.
यह भी पढ़े: 6 दिन में 6100 किमी! भारत से जिम्बाब्वे तक अमूर बाज की ऐतिहासिक उड़ान..