न्यूज़11 भारत
तारापीठ/डेस्क : पश्चिम बंगाल से एक बड़ी खबर सामने आई है. आज सोमवार की सुबह तारापीठ में एक होटल में भीषण आग लग गई. इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की खबर सामने आई है. वहीं कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. आग की चपेट में आने से होटल का एक हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो गया.
मां तारा मंदिर से कुछ दूरी पर स्थित होटल में सुबह करीब 4:30 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लगी. हादसे के वक्त होटल श्रद्धालुओं और अन्य मेहमानों से भरा हुआ था. बताया जा रहा है कि अधिकांश लोग अपने कमरों में सो रहे थे. इसी दौरान होटल में अचानक धुआं फैलने लगा. गनीमत रही कि आग लगते ही फायर अलार्म बज गया, जिससे अधिकांश लोग सतर्क हो गए और होटल से बाहर निकल गए. हालांकि धुएं के कारण कई लोगों का दम घुटने लगा और उनकी हालत बिगड़ गई.
आग की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. होटल से लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की गई. हादसे में छह लोगों की मौत होने की खबर है, जबकि कई अन्य लोग धुएं की चपेट में आकर बीमार पड़ गए. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. श्रावण के आखिरी सोमवार पर तारापीठ में भारी भीड़ के बीच हुई इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
इसे भी पढ़ें: बिहार: लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में मची भगदड़, 7 श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल