न्यूज़11 भारत
दिल्ली/डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल बाढ़ से संबंधित स्थिति की समीक्षा के लिए हिमाचल प्रदेश और पंजाब का दौरा करेंगे. वह हिमाचल प्रदेश में बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे. दोपहर लगभग 1:30 बजे, वह हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा पहुंचेंगे, जहां वह अधिकारियों से मिलेंगे और स्थिति पर एक उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे. प्रधानमंत्री कांगड़ा में बाढ़ प्रभावित व्यक्तियों और एनडीआरएफ, एसडीआरएफ तथा आपदा मित्र टीम से भी मिलेंगे.
पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का करेंगे हवाई सर्वेक्षण
इसके बाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर लगभग 3 बजे पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे. वह शाम लगभग 4:15 बजे गुरदासपुर पहुंचेंगे, जहां वह वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे और ज़मीनी स्थिति पर एक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे. वह गुरदासपुर में बाढ़ प्रभावित व्यक्तियों के साथ-साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आपदा मित्र टीम से भी बातचीत करेंगे. प्रधानमंत्री की प्रत्यक्ष समीक्षा का उद्देश्य इस कठिन समय में दोनों राज्यों के लोगों की सहायता के लिए राहत और पुनर्वास प्रयासों की बारीकी से निगरानी करना है.
ये भी पढ़ें- Coal India को 20 सितंबर को मिलेगा नया चेयरमैन, ये हैं प्रमुख दावेदार