अरुण कुमार यादव/न्यूज़11 भारत
गढ़वा/डेस्क: जिले के रंका अनुमंडल मुख्यालय के रंका थाना क्षेत्र के खरड़ीहा पुल के पास ट्रक की चपेट में आने से एक 24 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान रंका थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव निवासी अनूप प्रसाद गुप्ता के रूप में हुई है. घटना के बाद से गुस्साए ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर फूट पड़ा. ग्रामीणों ने 25 लाख रुपये मुआवजा, मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी और रंका थाना प्रभारी को बर्खास्त करने की मांग को लेकर झारखंड-छत्तीसगढ़ मुख्य मार्ग NH-343 को करीब 4 घंटे तक जाम कर दिया.
सड़क हादसे के बाद ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए. ग्रामीणों का आरोप है कि परिजनों और ग्रामीणों को समुचित जानकारी दिए बिना ही घटना स्थल से सीधे मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया गया. इस बात को लेकर ग्रामीणों में काफी नाराजगी देखी गई.
ग्रामीणों का यह भी कहना था कि एक तरफ परिवार ने अपना जवान सदस्य खो दिया और दूसरी तरफ पुलिस ने शव के मामले में भी परिजनों को विश्वास में नहीं लिया. इसी को लेकर ग्रामीणों ने संबंधित थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई और बर्खास्तगी की मांग उठाई. साथ ही आक्रोशित ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि मृतक के परिवार को 25 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए और उसकी पत्नी को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई जाए, ताकि परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा न हो. ग्रामीणों ने कहा कि महज औपचारिक आश्वासन से परिवार का भविष्य सुरक्षित नहीं होगा.
ग्रामीणों के सड़क पर उतरने के बाद NH-343 करीब तीन घंटे तक पूरी तरह प्रभावित रहा. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद रंका अनुमंडल पदाधिकारी मो. परवेज एवं रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह के तीन थाने के थाना प्रभारी एवं गढ़वा से अतिरिक्त पुलिस बल के जवान मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. अधिकारियों की ओर से बातचीत और लिखित आश्वासन के बाद जाम हटाया गया.
इसे भी पढ़ें: बोकारो: किराना दुकान में लगी भीषण आग, 10 लाख से अधिक का सामान जलकर खाक