संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिला अंतर्गत चर्चित गुड्डू खलीफा हत्याकांड का उद्भेदन करते हुए पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस पूरी वारदात को जमीन विवाद के कारण अंजाम दिया गया था. पुलिस जांच के अनुसार इसराइल आजाद उर्फ मिंटू डाला का पहाड़ी मोहल्ला स्थित चंदवारी के पास की जमीन को लेकर मृतक गुड्डू खलीफा के साथ पुराना विवाद चल रहा था और इसी रंजिश के कारण उसे रास्ते से हटाने के लिए मिंटू डाला और विक्की राइन ने फैज खान को दो लाख रुपये की सुपारी दी थी. घटनाक्रम के अनुसार बीती 2 अप्रैल को रात्रि लगभग 10:40 बजे फैज खान ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर गुड्डू खलीफा की गोली मारकर हत्या कर दी थी जिसके बाद वह भागने की फिराक में था, परंतु अगले ही दिन 3 अप्रैल को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान फैज को पैर में गोली मारकर घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया था.
पुलिस की गिरफ्त में आए फैज खान ने स्वीकारा, मिंटू ने दी थी सुपारी
पुलिस की गिरफ्त में आए फैज खान ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में इस बात की पुष्टि की है कि मिंटू डाला ने ही उसे हत्या के लिए सुपारी दी थी और इसी आधार पर पुलिस ने अब तक इस मामले में कुल पांच आरोपियों को जेल भेज दिया है जबकि एक अन्य आरोपी अभी भी फरार है जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस जमीन से संबंधित प्रकरण में चार पार्टनर शामिल थे जिनमें से दो अन्य पार्टनर्स से भी पुलिस आने वाले समय में पूछताछ करेगी.
यह भी पढ़ें: बलोचिस्तान में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों पर बड़ा हमला, 86 जवान ढेर, सुरक्षा सिस्टम तबाह, बीएलए ने जिम्मेदारी ली