प्रेम कुमार सिंह/न्यूज11 भारत
गुमला/डेस्क: प्रखंड मुख्यालय स्थित राजकीय कृत बालिका मध्य विद्यालय भरनो के सभागार में सोमवार को विशेष गुरुगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिसकी अध्यक्षता बीआरसी के लेखापाल राजदीप गुप्ता ने की. गुरुगोष्ठी में प्रखंड के सभी सरकारी विद्यालयों के सचिव आवश्यक प्रतिवेदन के साथ उपस्थित हुए. जहां शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई. इसमें एनआईएलपी रजिस्ट्रेशन, अपार आईडी निर्माण, यू-डाइस अपडेट, प्रोग्रेशन रिपोर्ट, चाइल्ड प्रोफाइल तैयार करने, पोशाक वितरण की उपयोगिता, बच्चों के बैंक खाते खोलने, एनसीपीआई मैपिंग, मध्याह्न भोजन संचालन एवं उसके एसएमएस रिपोर्टिंग जैसे विषय प्रमुख रूप से शामिल रहे.
मौके पर शिक्षकों को विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने का निर्देश दिया गया. साथ ही आगामी 12, 13 एवं 14 मई को आयोजित होने वाली शिक्षकों की टीएनए परीक्षा को लेकर भी विस्तार से जानकारी दी गई. अधिकारियों ने परीक्षा प्रक्रिया, आवश्यक तैयारी तथा ऑनलाइन संबंधित प्रक्रियाओं को सरल तरीके से समझाया. गुरुगोष्ठी का उद्देश्य विद्यालयों में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करना तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाना. इस गुरुगोष्ठी में बीआरपी शमीम एजाज, सुधीर साहू सहित सीआरपी भूषण केशरी, नूर एहसान, साहिन परवीन, शशि भूषण, पूनम सिंह, मुकुल टेटे समेत सभी सीआरपी एवं विद्यालयों के सचिव उपस्थित थे.