भरत मंडल/न्यूज 11 भारत
गांडेय/डेस्क: गांडेय प्रखंड के झरगंट्टा पंचायत अंतर्गत राताबहियार गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय राताबहियार में बुधवार को प्रशिक्षु आईएएस यश कुमार व जिला शिक्षा अधीक्षक (डीएसई) आशीष कुमार हेम्ब्रम जांच के लिए पहुंचे. अधिकारियों ने विद्यालय में उपलब्ध स्टॉक, विभिन्न रजिस्टर समेत अन्य अभिलेखों व सामग्रियों की जांच की. इस दौरान विद्यालय के अभिभावकों एवं ग्रामीणों से भी जानकारी ली गयी.
बताया गया कि कुछ दिन पूर्व ग्रामीणों ने विद्यालय में कथित अनियमितता को लेकर गिरिडीह उपायुक्त को आवेदन देकर जांच की मांग की थी. ग्रामीणों के आवेदन के आलोक में उपायुक्त के निर्देश पर अधिकारियों की टीम ने विद्यालय पहुंचकर जांच की.
मामले को लेकर डीएसई आशीष कुमार हेम्ब्रम ने कहा कि शिकायत से जुड़े सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट उपायुक्त को सौंपी जाएगी. इसके बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
मौके पर पूर्व मुखिया प्रकाश यादव, पंचायत समिति सदस्य विकास कुमार, अमर गोप, सुरेंद्र यादव, गिरधारी गोप, मनोज मोदी, बीपीओ केडी सिंह, बीईईओ अशोक कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: चार साल की बच्ची की कस्टडी पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, मां को मिली अंतरिम कस्टडी; पिता को भी मिलने का अधिकार