न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: जमशेदपुर के डबल डाउन बार हत्याकांड मामले में आरोपी नीरज सिंह को हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है. आरोपी की जमानत याचिका ‘Dismissed as Withdrawn’ (याचिका वापस लिए जाने के कारण) के रूप में खारिज हो गयी. इससे पहले भी 21 अगस्त को जमशेदपुर लोअर कोर्ट ने आरोपी की जमानत याचिका ख़ारिज की थी.
यह मामला 27 जून 2026 की रात बिष्टुपुर के डबल डाउन बार के बाहर हिमांशु सिंह हत्याकांड से जुड़ा है. हमलावरों ने पुलिस वैन से हिमांशु सिंह को बाहर खींचकर उन पर हमला किया था. कुल्हाड़ी और चाकू से हमला किए जाने के बाद हिमांशु सिंह की मौत हो गयी थी.
मामले में नीरज सिंह पर हत्या की साजिश, लापरवाही और आरोपियों को संरक्षण देने के आरोप है. घटना के बाद नीरज सिंह के मानगो स्थित आवास पर पुलिस ने छापेमारी भी की थी. इस दौरान आवास से कई लग्जरी गाड़ियां जब्त की गयी थी.
झारखंड पुलिस की SIT ने राजस्थान के सीकर से नीरज सिंह को गिरफ्तार किया था. मामले में मुख्य शूटर विश्वनाथ लोहरा उर्फ बोदरा समेत 12 से अधिक आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं.
मामले पर कार्रवाई करते हुए तत्कालीन थाना प्रभारी आलोक दुबे समेत 4 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड भी किया गया है.
इसे भी पढ़ें: रांची: बारिश के बीच बड़ा हादसा, खुले नाले में गिरी ओमनी कार; चालक गंभीर