न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: पाकुड़ के रथ मेला मैदान में भाजपा की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा.
कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन देखा. इसके बाद जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू, प्रदेश कार्य समिति सदस्य मीरा प्रवीण सिंह, दुर्गा मरांडी, पूर्व जिला अध्यक्ष अनुग्रहित प्रसाद साह, विवेकानंद तिवारी और भूतपूर्व सैनिक विश्वनाथ भगत ने दीप जलाकर मशाल प्रज्वलित की. इसके बाद रथ मेला मैदान से बिरसा चौक तक मशाल के साथ रैली निकाली गई.
जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में देश ने विकास के नए आयाम हासिल किए हैं. किसानों, दलितों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं के लिए उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम विश्वकर्मा और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाएं चलाई गईं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ देश को आगे बढ़ाने का काम किया है.
कार्यक्रम में जिला प्रभारी निवास मंडल, जिला मंत्री रूपेश भगत, कार्यक्रम संयोजक दिलीप सिंह, हिसाबी राय, सुशील शाह, नरेंद्र शाह, सुरेंद्र भगत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें: दशहरा है तो क्या हुआ, न रहे असावधान! पलामू में दशहरा को लेकर चल रहा एंटी क्राइम और ट्रैफिक चेकिंग अभियान