वीरेन्द्र शर्मा/न्यूज11 भारत
बरही/डेस्क: चौपारण प्रखंड के पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत की खुशी में चौपारण पूर्वी मंडल में उत्साह का माहौल देखने को मिला. इस अवसर पर पूर्वी मंडल उपाध्यक्ष सह मुखिया संघ अध्यक्ष बिरेन्द्र रजक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच मिठाई बांटकर जश्न मनाया गया. कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एकत्रित हुए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की. मौके पर पार्टी के पक्ष में नारेबाजी भी की गई और कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन की बड़ी उपलब्धि बताया.इस अवसर पर बिरेन्द्र रजक ने कहा कि पश्चिम बंगाल में मिली यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और जनता के विश्वास का परिणाम है. उन्होंने कहा, यह जीत केवल एक राज्य की जीत नहीं, बल्कि देशभर में भाजपा की नीतियों और नेतृत्व पर जनता के भरोसे की मुहर है. कार्यकर्ताओं ने जिस निष्ठा के साथ काम किया, उसी का परिणाम आज हम सबके सामने है. उन्होंने आगे कहा कि इस जीत से कार्यकर्ताओं का मनोबल और बढ़ेगा तथा आने वाले समय में पार्टी और मजबूती के साथ जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाएगी. कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी इस जीत को ऐतिहासिक बताते हुए संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. जश्न के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना रहा और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया.
यह भी पढ़ें: चौपारण के दर्जीचक में 7 से 15 मई तक भव्य महायज्ञ, भक्ति में डूबा पूरा क्षेत्र