वीरेंद्र शर्मा/न्यूज़11 भारत
बरही/डेस्क: चौपारण थाना क्षेत्र में अपराधियों ने बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया है. जीटी रोड सिंघरावां मोड़ से 200 मीटर दूर लराही रोड पर स्थित एक ज्वेलरी दुकान में शुक्रवार देर रात हथियारबंद डकैतों ने धावा बोल दिया.
बताया जा रहा है कि डकैतों ने दुकानदार के घर में घुसकर सभी परिजनों को बंधक बना लिया और हथियार के बल पर घर और दुकान के एक-एक लॉकर व अलमारी खुलवाकर लाखों रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए.
लूट के दौरान अपराधी परिवार के दो मोबाइल भी लेकर फरार हो गए. बाद में एक मोबाइल को आसपास ही फेंक दिया गया, जबकि दूसरे मोबाइल को गुरपा-गझंडी के पास स्विच ऑफ कर दिया गया.
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पंकज कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की धरपकड़ के लिए छापेमारी कर रही है.
इधर घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है.
इसे भी पढ़ें: दुमका: मसलिया में 10 सेकेंड के तूफान ने मचाई तबाही, एक की मौत; 4 घायल, 40 घरों की छतें उड़ीं