रोहन निषाद/न्यूज़ 11 भारत
चाईबासा/डेस्क: हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बलांडिया गांव में भालू के हमले से घायल 55 वर्षीय बुजुर्ग प्रधान लागुरी की कल शनिवार शाम चाईबासा सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतक बलांडिया के मुखिया टोला का निवासी था. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं गांव में दहशत का माहौल है.
मिली जानकारी के अनुसार प्रधान लागुरी अपनी साइकिल से गांव से सटे जंगल की ओर शौच करने गया था. इसी दौरान जंगल से अचानक निकले एक भालू ने उस पर हमला कर दिया. भालू ने उसे जमीन पर पटक दिया और नुकीले पंजों व दांतों से बुरी तरह नोच डाला. हमले में उसके पेट, पीठ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरे जख्मी हो गए.
बुजुर्ग की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण लाठी-डंडा लेकर दौड़े. ग्रामीणों के शोर मचाने पर भालू जंगल की ओर भाग गया. गंभीर हालत में ग्रामीणों ने उसे चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. शव का पोस्टमार्टम आज किया जाएगा. ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगल में गश्त बढ़ाने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: चेगौना धाम के पास गैस सिलेंडर लदा ट्रक पलटा, मची अफरा-तफरी, हादसे में कोई हताहत नहीं