काशिफ अख्तर/न्यूज 11 भारत
कोडरमा/डेस्क: कोडरमा नगर पंचायत अध्यक्ष साजिद हुसैन शनिवार को मरियमपुर पहुंचे, जहां उन्होंने हाथी हमले में मृत मुनिया बिरहोरनी के ब्रह्मभोज में शामिल होकर शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की. इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
नगर अध्यक्ष ने मानवता का परिचय देते हुए एक बार फिर पीड़ित परिवार को एक महीने का राशन उपलब्ध कराया. उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में प्रशासन और समाज को मिलकर पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए, ताकि वे इस दुख की घड़ी से उबर सकें.
इस मौके पर साजिद हुसैन ने बिरहोर समुदाय के बच्चों की शिक्षा पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि मरियमपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले सभी बिरहोर बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन स्कूलों में सुनिश्चित किया जाएगा. उन्होंने संबंधित विभागों और स्थानीय लोगों से भी इस दिशा में सहयोग करने की अपील की.
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जिससे इन बच्चों का भविष्य संवर सकता है. यदि ये बच्चे पढ़-लिख जाएंगे, तो न सिर्फ अपना बल्कि अपने पूरे परिवार और समाज का भविष्य बदल सकते हैं.
नगर अध्यक्ष ने आगे कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में विकास के साथ-साथ शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को भी प्राथमिकता दी जा रही है. उन्होंने आश्वासन दिया कि बिरहोर समुदाय के उत्थान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा, ताकि वे मुख्यधारा से जुड़ सकें और सम्मानजनक जीवन जी सकें.
यह भी पढ़ें: लोहरदगा के नवाडील पंचायत का हाल! बजबजाती नालियां और जलजमाव ने बिगाड़ी गांव की तस्वीर, ग्रामीणों में आक्रोश