प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्कः- बरवाडीह प्रखंड मुख्यालय स्थित आदर्श नगर मोहल्ले में स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर उपभोक्ताओं से अवैध रूप से पैसे वसूलने की शिकायत सामने आई है. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि मीटर लगाने पहुंचे कंपनी के कुछ कर्मी प्रति घर ₹100 से ₹200 तक की मांग कर रहे हैं. ग्रामीणों ने बताया कि सरकार की योजना के तहत स्मार्ट मीटर निःशुल्क लगाए जा रहे हैं, बावजूद इसके कुछ कर्मी जबरन पैसा मांग रहे हैं. इससे मोहल्ले के लोगों में नाराजगी देखी जा रही है.
ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं का शोषण बंद हो सके. लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सामूहिक रूप से विरोध प्रदर्शन करेंगे.
उधर, मामले की जानकारी मिलते ही विद्युत सहायक अभियंता अमित कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं से स्मार्ट मीटर लगाने में पैसे की कोई वसूली नहीं की जानी चाहिए. यह पूरी तरह निःशुल्क कार्य है. उन्होंने कहा कि कुछ उपभोक्ताओं द्वारा ₹100 से ₹400 तक की अवैध वसूली की शिकायत मिली थी. इस पर विद्युत अभियंता ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कंपनी के सुपरवाइजर को दोषी कर्मियों को तुरंत हटाने का निर्देश दिया है.
अमित कुमार ने स्पष्ट कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने में उपभोक्ताओं से एक रुपये भी नहीं लिया जाएगा. यदि कोई कर्मी पैसे की मांग करता है तो उसकी सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि उस पर सख्त कार्रवाई की जा सके.