बारिश से आफत

गढ़वा जिले में बारिश ने खोली घटिया सड़क-नाली निर्माण की पोल, घर-दुकानों में घुसा पानी

शहर का निरीक्षण करने के बाद बोले विधायक- जिम्मेदारों का होगा हिसाब

By : Pramod Kumar , News11 Bharat
गढ़वा जिले में बारिश ने खोली घटिया सड़क-नाली निर्माण की पोल, घर-दुकानों में घुसा पानी

अरुण कुमार यादव/न्यूज11  भारत

गढ़वा/डेस्क: गढ़वा जिले में पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश ने गढ़वा शहर की बदहाल व्यवस्था और नवनिर्मित सड़क-नाली निर्माण की कथित तकनीकी खामियों की पोल खोल दी है. नवादा मोड़ से सोनपुरवा बस स्टैंड तक बनाई गई सड़क और नाली आसपास के घरों और दुकानों से ऊंची हो गई है. इसका खामियाजा अब शहरवासियों को भुगतना पड़ रहा है. बारिश का पानी घरों और दुकानों में घुसने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं और शहर में जगह-जगह नारकीय स्थिति उत्पन्न हो गई है. शहरवासियों के घरों और दुकानों में पानी घुसने की सूचना मिलने पर विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने मंगलवार को शहरी क्षेत्र का निरीक्षण किया.

इस दौरान उन्होंने वार्ड नंबर 12 स्थित मंगल भवन के पास नवनिर्मित नाली का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की स्थिति पर सवाल उठाए. वहां पर नाला के पानी को नाली में कनेक्ट कर दिया गया है. जिसके कारण करीब दो सौ से अधिक घरों में पानी घुस गया है. विधायक ने कहा कि सड़क और नाली निर्माण शुरू होने के समय ही उन्होंने निर्माण कार्य में बरती जा रही तकनीकी खामियों पर सवाल उठाया था. जिला निगरानी समिति की बैठक में उन्होंने इस मामले को प्रमुखता से उठाया था. इसके बाद उपायुक्त ने विधायक समेत तीन सदस्यीय समिति गठित कर सड़क और नाली निर्माण की गुणवत्ता की जांच कराने की बात कही थी. गढ़वा विधायक सतेंन्द्रनाथ तिवारी ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण कार्य में पूर्व मंत्री के भाई पार्टनर थे और इसी वजह से पैसे की बंदरबांट के लिए संवेदक ने आनन-फानन में सड़क और नाली को ऊंचा कर दिया.

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की गई है. उन्होंने कहा कि नियमानुसार सड़क निर्माण से पहले पुराने भरे हुए मैटेरियल को हटाकर निर्धारित मानक के अनुरूप लेवल तैयार किया जाना चाहिए था. इसके बाद नए मैटेरियल का इस्तेमाल किया जाता, ताकि सड़क का स्तर आसपास के घरों और दुकानों से ऊंचा न हो. लेकिन यहां इसके विपरीत काम किया गया, जिसका परिणाम आज लोगों को अपने घरों और दुकानों में पानी भरने के रूप में भुगतना पड़ रहा है. विधायक ने कहा कि यह केवल सड़क निर्माण की खामी नहीं, बल्कि जनता के पैसे और शहरवासियों की जिंदगी से खिलवाड़ का मामला है.

उन्होंने चेतावनी दी कि इस पूरे मामले को सड़क से लेकर विधानसभा तक उठाया जाएगा और जिम्मेदार लोगों को जवाब देना होगा. उन्होंने कहा कि ऐसे संवेदक को उल्टा लटकाकर पिटाई होनी चाहिए.साथ ही गढ़वा विधायक ने कहा कि जब उन्होंने निर्माण कार्य की तकनीकी खामियों का विरोध किया था, तब झामुमो के लोगों ने उन पर संवेदक से पैसा लेने तक का आरोप लगाया था. उन्होंने कहा कि आज जब उनकी आशंकाएं बारिश के पानी के साथ शहर की सड़कों और घरों में सामने आ गई हैं, तो आरोप लगाने वालों को गढ़वा की जनता को जवाब देना चाहिए. उन्होंने कहा कि उन्होंने उस समय भी जनहित में निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाया था और आज की स्थिति ने उनकी आपत्तियों को सही साबित कर दिया है. विधायक ने कहा कि जनता के हित से जुड़े इस मामले में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा. डीसी बताएं—तीन सदस्यीय जांच कमेटी का क्या हुआ?

विधायक ने सीधे उपायुक्त से सवाल करते हुए कहा कि जिस तीन सदस्यीय कमेटी को सड़क और नाली की गुणवत्ता की जांच करनी थी, आखिर उसका क्या हुआ? कमेटी बनी थी तो जांच क्यों नहीं हुई और उसकी रिपोर्ट कहां है? उन्होंने कहा कि यदि समय रहते इस कमेटी के माध्यम से निर्माण कार्य की जांच करा ली जाती और तकनीकी खामियों को दूर कर दिया जाता, तो आज गढ़वा के लोगों को इस तरह की नारकीय स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता. बारिश ने साफ कर दिया है कि निर्माण कार्य में किस स्तर की लापरवाही बरती गई है.

इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष उदय कुशवाहा, विनोद चंद्रवंशी, जिला महामंत्री जितेन्द्र चंद्रवंशी, विधायक प्रतिनिधि विवेकानंद तिवारी, पूर्व वार्ड पार्षद आलोक रंजन, प्रवीण पाल, संजय चंद्रवंशी सहित शहर के काफी संख्या में अन्य लोग मौजूद थे.

यह भी पढ़ें: 24 घंटे में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ का आरोपी गिरफ्तार, बड़ाजामदा में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लोगों में भरोसा

संबंधित सामग्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिला परिषद सदस्य सुनीता कुमारी को भेजा आत्मीय-पत्र

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिला परिषद सदस्य सुनीता कुमारी को भेजा आत्मीय-पत्र

रक्षाबंधन पर भेजी राखी का प्रधानमंत्री ने दिया जवाब, नारी शक्ति और जनसेवा के प्रयासों को बताया महत्वपूर्ण

पहले दीक्षान्त समारोह का विशेष महत्व, यह विद्यार्थियों की भविष्य की दिशा में विचार करने का अवसर - राज्यपाल संतोष गंगवार

पहले दीक्षान्त समारोह का विशेष महत्व, यह विद्यार्थियों की भविष्य की दिशा में विचार करने का अवसर - राज्यपाल संतोष गंगवार

गढ़वा स्थित बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षान्त समारोह में शामिल हुए झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार

गोबिंदपुरा में अवैध पत्थर खदान पर बड़ी छापेमारी, भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त

गोबिंदपुरा में अवैध पत्थर खदान पर बड़ी छापेमारी, भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त

खनन पदाधिकारी विश्वनाथ उरांव और खोरीमहुआ एसडीएम समीर रेनियर खलखो के नेतृत्व में टीम ने अवैध पत्थर खदान में छापेमारी की

डॉ इरफान अंसारी ने फॉर्म-7 की आड़ में सिर्फ जामताड़ा जिले में 41 हजार वोटरों के नाम काटने की साजिश का लगाया आरोप

डॉ इरफान अंसारी ने फॉर्म-7 की आड़ में सिर्फ जामताड़ा जिले में 41 हजार वोटरों के नाम काटने की साजिश का लगाया आरोप

बांग्लादेशी और घुसपैठिए नहीं मिले तो अब असली वोटरों के नाम काटे जा रहे - डॉ इरफान