राहुल कुमार/न्यूज11भारत
चंदवा. चंदवा प्रखंड कांग्रेस कमिटी की ओर से शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026 को पथ निर्माण विभाग विश्रामागार में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई. कार्यक्रम की शुरुआत दोनों महापुरुषों के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण के साथ हुई.
मौके पर चंदवा प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष असगर खान ने कहा कि 2 अक्टूबर का दिन देश के इतिहास में विशेष महत्व रखता है. इसी दिन महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई जाती है.
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलते हुए देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी. असहयोग आंदोलन और दांडी यात्रा जैसे आंदोलनों के माध्यम से गांधी जी ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ व्यापक जनजागरण किया. उनके विचार आज भी समाज और विश्व के लिए प्रासंगिक हैं.
वहीं, लाल बहादुर शास्त्री के जीवन और योगदान को याद करते हुए असगर खान ने कहा कि शास्त्री जी देश के दूसरे प्रधानमंत्री बने और अपनी सादगी, ईमानदारी एवं दृढ़ इच्छाशक्ति के लिए जाने जाते हैं. उनका दिया हुआ “जय जवान, जय किसान” का नारा आज भी देशवासियों के बीच प्रसिद्ध है.
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और देश के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया.
कार्यक्रम में जिला सचिव निर्मल कुमार भारती, श्री राम शर्मा, जिला सदस्य अजमतउल्लाह अंसारी, मंडल अध्यक्ष अमित कुजूर, अख्तर अंसारी, दामोदर उपाध्याय, रीझ रूस पॉल एक्का, गिद्दों खाखा, सेवियर एक्का, रामकुमार भगत, मोहम्मद शीश आलम, सागर प्रजापति, विजय लोहारा, जलेंद्र ठाकुर, प्रकाश रजक समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे.
कार्यक्रम के अंत में निर्मल भारती ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की.