न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना - बिहार में मानसून के आगमन से पहले सरकार पूरी तरह सतर्क हो गई है। इसी को लेकर शुक्रवार को जल संसाधन विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में विभागीय मंत्री सह उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि अब केवल दफ्तर में बैठकर फाइलों का निष्पादन करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि सभी अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में जाकर तटबंधों, नहरों और जल निकासी परियोजनाओं का निरीक्षण करना होगा। मंत्री ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी इलाके से यह शिकायत मिली कि अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे, तो सीधे सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हाईलाइट्स -
- मानसून से पहले जल संसाधन विभाग की हाईलेवल समीक्षा बैठक
- मंत्री ने अधिकारियों को फील्ड में जाकर निरीक्षण करने का निर्देश दिया
- तटबंध, नहर और जल निकासी व्यवस्था की जांच पर जोर
- लापरवाही मिलने पर सीधे कार्रवाई की चेतावनी
- संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश
फील्ड ही असली कार्यालय, मंत्री का सख्त संदेश
बैठक के दौरान मंत्री का रुख काफी सख्त नजर आया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्रीय अधिकारी का असली कार्यालय उसका फील्ड होता है, न कि सिर्फ दफ्तर। मंत्री ने निर्देश दिया कि मानसून शुरू होने से पहले सभी तटबंधों, बांधों, स्लुइस गेट और जल निकासी संरचनाओं की गंभीरता से जांच की जाए। साथ ही निर्माण और मरम्मत कार्यों की निगरानी केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि अधिकारी मौके पर जाकर गुणवत्ता की जांच करें। उन्होंने कहा कि कई परियोजनाओं में समस्याएं सिर्फ इसलिए बढ़ जाती हैं क्योंकि समय पर निरीक्षण नहीं होता और अधिकारी जमीनी हालात से अनजान रहते हैं।
संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर, राहत तैयारी के निर्देश
बैठक में विभाग के वरिष्ठ अभियंताओं और क्षेत्रीय अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों की सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। जहां तटबंध कमजोर हैं या बाढ़ और जलजमाव की आशंका ज्यादा है, वहां विशेष निगरानी रखने को कहा गया। साथ ही राहत और बचाव कार्यों की तैयारियां पहले से सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। सरकार की इस सख्ती को मानसून पूर्व तैयारी के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि हर साल बिहार के कई जिले बाढ़ और जलभराव की समस्या से प्रभावित होते हैं। ऐसे में सरकार इस बार पहले से तैयारी कर संभावित आपदा से निपटने की रणनीति पर तेजी से काम कर रही है।
इसे भी पढ़ें - पटना में बेखौफ लुटेरों ने सरेराह झपट ली RJD विधायक के भाई की सोने की चेन, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात