न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय में सामने आई वित्तीय अनियमितताओं के मामले में अब प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग तेज हो गई है. झारखंड सरकार के वित्त मंत्री श्री राधाकृष्ण किशोर ने अखिल पलामू छात्र संघ और NSUI के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान कुलपति के विरुद्ध भ्रष्टाचार के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराने की दिशा में कार्रवाई की बात कही.
उन्होंने इस संबंध में राज्यपाल सह कुलाधिपति श्री संतोष कुमार गंगवार और उच्च शिक्षा निदेशक श्री राहुल पुरवार से टेलीफोनिक वार्ता कर आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई का आग्रह किए जाने की जानकारी दी. मुलाकात के दौरान छात्र संगठनों ने NPU की वित्तीय अनियमितताओं, विशेष अंकेक्षण में सामने आए बिंदुओं और जिम्मेदार पदाधिकारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सरकारी राशि की वसूली सुनिश्चित करने की मांग रखी. इस अवसर पर छात्राओं ने वित्त मंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट किया और छात्रों ने शॉल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया. प्रतिनिधिमंडल में APSU से राहुल कुमार दुबे, कमलेश कुमार पाण्डेय, राज नेहा चौबे, सानिया अग्रवाल, प्रिया प्रजापति तथा NSUI से अमरनाथ तिवारी और रिसुराज दुबे प्रमुख रूप से शामिल रहे. छात्र नेताओं ने कहा कि सरकारी राशि जनता की राशि है और विश्वविद्यालय में वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उनका अभियान आगे भी जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: अवैध हथियार रखने के आरोप में एक को पुलिस ने भेजा जेल