राजन पाण्डेय/न्यूज11 भारत
चैनपुर/डेस्क: चैनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले प्रेमनगर में बीती रात मवेशी चोरों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है. चोरों ने घर के बाहर बंधे मवेशियों को गायब कर दिया, जिसके बाद से पूरे क्षेत्र के पशुपालकों और मुख्यालय के लोगों में भारी आक्रोश और हड़कंप का माहौल है.मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी वारदात इलाके में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.
सीसीटीवी फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक अज्ञात युवक बड़ी ही चालाकी से गाय और बैलों को पकड़ता है और फिर उन्हें एक गाड़ी में लोड करके रफूचक्कर हो जाता है.मामले को लेकर प्रेमनगर निवासी पीड़ित अंतु भगत पिता: स्व. कन्दु भगत ने बताया कि चोरों ने आज तड़के सुबह करीब 3:00 बजे उनकी एक सफेद रंग की पैर से दिव्यांग गाय को चोरी कर लिया. सुबह जब उन्होंने गाय को खूंटे पर गायब पाया, तो काफी खोजबीन की, लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला.
अंतु भगत ने बताया कि "इससे पहले भी मेरी गाय चोरी हो चुकी है, जिसकी शिकायत मैंने थाने में की थी. आज दोबारा हुई इस घटना से मैं और मेरा परिवार बेहद परेशान हैं."पीड़ित ने आज ही चैनपुर थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर मवेशी चोरों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपनी दिव्यांग गाय की जल्द से जल्द बरामदगी के लिए गुहार लगाई है. ग्रामीणों ने बताया कि केवल अंतु भगत ही नहीं, बल्कि क्षेत्र के कुछ अन्य ग्रामीणों के भी मवेशी चोरी होने की सूचना है. लगातार हो रही इन चोरियों से स्थानीय लोगों में पुलिसिया गश्त को लेकर नाराजगी है. ग्रामीणों ने चैनपुर पुलिस से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए और क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए.
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में लापता हुआ भरनो के तुरीअम्बा गांव का वृद्ध,परिजनों ने खोजबीन की लगाई गुहार