न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: रांची के JSCA स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्टूबर को दूसरा T-20 मैच का आयोजन होने जा रहा है. इस मैच के टिकट की बिक्री आज सोमवार से शुरू हो गयी. एक ओर जहां ऑफलाइन टिकट खरीदने के लिए स्टेडियम के बाहर लोगों की भारी भीड़ उमड़ी है, तो वहीं दूसरी ओर ऑनलाइन भी टिकट तेजी से बिक रहे हैं. साइट खुलते ही टिकट बुकिंग शुरू हो गयी और कुछ ही घंटों में सभी टिकट बिक गए. हालांकि ऑनलाइन टिकट खरीदने वालों को सभी केटेगरी के टिकट के ऑप्शन नहीं दिए गए. ऑनलाइन में सिर्फ 2000 से 3000 के बीच के ही टिकट उपलब्ध थे.
टिकट काउंटर के बाहर उमड़ा जनसैलाब
इधर ऑफलाइन टिकट खरीदने की भी होड़ मची हुई है. JSCA स्टेडियम में टिकट काउंटर के बाहर सुबह से ही लंबी कतार लगी हुई है. मौके पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की भी तैनाती की गयी है. टिकट खरीदने के लिए महिला-पुरुष सभी उत्साहित नजर आ रहे हैं. कुछ लोगों में तो क्रिकेट की दीवानगी इस कदर है कि कई लोग कल रात से ही स्टेडियम के बाहर पहुंच गए. केवल रांची ही नहीं बल्कि अन्य जिलों से भी लोग टिकट खरीदने के लिए लोग JSCA स्टेडियम पहुंचे हैं.
केवल आज और कल ही बिकेंगे टिकट
बताते चलें टिकट 5 और 6 अक्टूबर को सुबह 9 से शाम 4 बजे तक स्टेडियम के टिकट काउंटर से मिलेगी. एक व्यक्ति अधिकतम दो टिकट ही खरीद सकता है.
इसे भी पढ़ें: NH-33 पर बाइक सवार युवकों का खतरनाक स्टंट, जान जोखिम में डालकर मचाया हुड़दंग; वीडियो वायरल