न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: जिले के चर्चित प्रभात मेहता हत्याकांड में एक नया मोड़ आया है. आरोपी राहुल चंद्रवंशी की पत्नी कैमरे के सामने आई है और उसके गंभीर आरोपों से इस रंजिश की कथित वजह सामने आती दिख रही है.
राहुल की पत्नी का दावा है कि प्रभात मेहता उस पर गलत नजर रखता था और उसके साथ छेड़खानी की थी. उसने यह बात अपने पति राहुल को बताई थी, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया था. पुलिस का भी कहना है कि प्रभात और राहुल के बीच पुराना विवाद था. 30 जुलाई को गिरफ्तारी के बाद राहुल ने खुद कबूला था कि यह हत्या आपसी रंजिश का परिणाम है.
इस बीच आरोपी की पत्नी ने एक वीडियो भी सामने रखा है, जिसमें कुछ लोग राहुल के साथ मारपीट करते दिख रहे हैं और चाकू से मारने की धमकी जैसी आवाजें सुनाई दे रही हैं. पत्नी का कहना है कि यह कोई सामान्य विवाद नहीं था, बल्कि पुरानी रंजिश से जुड़ी बड़ी घटना थी.
इधर प्रभात का शव जिस मकान में मिला था उस मकान मालिक का कहना है कि मैं घटना से पहले ही राज्य से बाहर था. मैंने कुछ देखा ही नहीं. अब निगाहें पुलिस की जांच पर टिकी हैं कि इन नए आरोपों और वीडियो की सच्चाई सामने आने के बाद इस हत्याकांड की परतें कितनी और साफ होती हैं.
इसे भी पढ़ें: मंच पर कई विधायक और अश्लील गानों पर डांसर का ठुमका! रामगढ़ का वीडियो वायरल, बढ़ी चर्चा