प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: शारदीय नवरात्र के अवसर पर प्रखंड क्षेत्र में लगभग एक दर्जन से अधिक पूजा पंडाल स्थापित किए गए हैं. हर समिति अपने-अपने स्तर पर धार्मिक माहौल को भक्तिमय बना रही है. इसी क्रम में प्रखंड मुख्यालय स्थित पंचमुखी मंदिर पूजा समिति ने भक्ति के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया है.
समिति ने आकर्षक प्रतिमा निर्माण और भव्य डांडिया कार्यक्रम के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जनजागरूकता अभियान शुरू किया है. पूजा परिसर में प्रदर्शनी लगाई गई है, जिसमें लापरवाही से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं और उसके परिवार पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को दर्शाया गया है.
इस दौरान समिति की ओर से लोगों से अपील की गई कि वे यातायात नियमों का पालन करें, पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा अभियान में सहयोग दें और अपने परिवार व भविष्य की रक्षा के लिए सुरक्षित तरीके से वाहन चलाएं.
वहीं, बरवाडीह थाना प्रभारी अनूप कुमार ने समिति की इस पहल की सराहना की और कहा कि सड़क सुरक्षा जनहित से जुड़ा अहम मुद्दा है. उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी.
यह भी पढ़ें: पंचपरगना का सबसे बड़ा आयोजन: बुंडू के ताऊ मैदान में होगा भव्य रावण दहन सह आतिशबाजी