संतोष श्रीवास्तव/न्यूज़ 11भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के नावा बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत तुकबेरा गांव में रविवार की दोपहर करीब 4:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया,सवारियों से खचाखच भरी एक कमांडर जीप पलामू की ओर जा रही थी, तभी अचानक उसका एक टायर जोरदार धमाके के साथ फट गया चलती गाड़ी का टायर फटने से वाहन पूरी तरह अनियंत्रित हो गया और सड़क पर सामने से आ रहे एक ट्रक से सीधे जा टकराया. टक्कर इतनी भीषण थी कि जीप के परखच्चे उड़ गए और सड़क पर चीख-पुकार मच गई.
इस दुर्घटना में जीप पर सवार लगभग आधा दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के वक्त जीप में क्षमता से अधिक सवारियां भरी हुई थीं, जिससे कई लोग वाहन के अंदर ही बुरी तरह फंस गए. घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित करते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया. ग्रामीणों की मदद से सभी घायल यात्रियों को बाहर निकाला गया.
सूचना मिलते ही नावा बाजार थाने की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और सभी गंभीर रूप से घायलों को तुरंत एम्बुलेंस के माध्यम से इलाज के लिए मेदनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया. अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, सभी घायलों का इलाज जारी है और उनमें से एक यात्री की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है.
घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कमांडर जीप को जप्त कर लिया है और उसे थाना ले जाने की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रूट पर प्रतिदिन जर्जर और खटारा कमांडर जीपें क्षमता से अधिक सवारियां भरकर दौड़ रही हैं. इन खटारा वाहनों की सही देखरेख न होने और लगातार हो रही ओवरलोडिंग के कारण आए दिन यात्रियों की जान जोखिम में पड़ रही है और ऐसे गंभीर हादसे हो रहे हैं
यह भी पढ़ें: तुलसी पटेल का नया अध्यक्ष बनना तय, तुलसी पटेल के 13 प्रत्याशियों ने फहराया जीत का परचम