न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के क्षेत्र का असर झारखंड में देखने को मिल रहा है. झारखंड में बीते दो दिनों से लगातार तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो रही है. आज शुक्रवार को भी बारिश का दौर जारी है. राजधानी रांची में कल रात से ही तेज आंधी-तूफान के साथ मूसलाधार बारिश हो रही है. सिर्फ रांची ही नहीं बल्कि राज्य के अन्य हिस्सों में भी भारी बारिश का दौर जारी है.
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 128.6 मिलीमीटर बारिश धनबाद के बाघमारा में दर्ज की गई. वहीं रांची में 52.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. गुरुवार को रांची का अधिकतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया.
मौसम विभाग ने आज शुक्रवार को भी राज्य के लगभग सभी हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताई है. उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. राज्य में कहीं-कहीं गरज, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.
वहीं कल शनिवार को भी राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की आशंका जताई गयी है. इसके बाद 27 और 28 सितंबर को भी राज्य में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. हालांकि 27 सितंबर से मौसम साफ़ होने की संभावना जताई गयी है.
इसे भी पढ़ें: रांची: हरमू रोड से मोबाइल छीन कर भाग रहे आरोपी को पुलिस ने दबोचा